Wednesday, September 7, 2011

बडे अच्छे लगते हैं की प्रिया उर्फ साक्षी तंवर

धारावाहिक की दुनिया में एकता कपूर को महारानी के नाम से जाना जाता है। उन्होंने दर्शकों को जिस तरह से अपने धारावाहिकों के जरिए बांधा है, वैसा शायद ही कोई निर्माता लगातार ऎसा कर पाया हो। पिछले कुछ महीनों से सोनी पर प्रसारित हो रहा एकता कपूर का डेली सोप बडे अच्छे लगते हैं टीआरपी की दौड में अब जाकर थोडा नीचे आया है। इस धारावाहिक को टक्कर दी है सोनी पर ही 15 अगस्त से प्रसारित होने वाले अमिताभ बच्चन के शो कौन बनेगा करोडपति ने। फिर भी एकता कपूर का यह शो परिजनों द्वारा बेहद उत्सुकता के साथ देखा जा रहा है। 30 अगस्त की कडी में दिखाया गया कि रामकपूर और प्रिया की आखिरकार शादी हो ही जाती है।
अपनी शादी को लेकर रामकपूर खासे आश्चर्य में हैं। वे अपनी पत्नी प्रिया से कहते हैं कि तुम रो रही हो अरे मैं, मैं हैरान हूं कि मेरी शादी हो गई है। तब रोते हुए प्रिया कहती है कि मेरी नहीं हमारी शादी हो गई है। बेहद प्यारा और दिल को छूने वाला था यह दृश्य। इसी तरह के दृश्यों से सजा यह धारावाहिक इन दिनों छोटे परदे के दर्शकों को अपने साथ बांधने में कामयाब हुआ है।

इस धारावाहिक की केन्द्रीय पात्र साक्षी के लिए अब पार्वती भाभी की परिभाषा बदल चुकी है, क्योंकि अब दर्शक उन्हें उनके नये शो “ब़डे अच्छे लगते हैं” की प्रिया के रूप में पहचान रहे हैं। साक्षी बेहतरीन अभिनेत्री तो पहले से ही हैं और अब इस सीरियल के माध्यम से वह एक बार फि़र लोकप्रिय हो गयी हैं। कहानी घर-घर की में भाभी का किरदार निभाने के बाद लोगों को लगा कि साक्षी अब केवल भाभी के रूप में ही नजर आयेंगी। लेकिन प्रिया के किरदार से साक्षी ने दर्शकों के बीच अपनी एक खास जगह बना ली है और उनके शो को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
कभी पार्वती भाभी के रूप में स्वयं को देखने वाली साक्षी अब स्वयं को प्रिया के रूप में देखकर बेहद खुश नजर आती हैं। उनका कहना है कि जहां से पार्वती भाभी का किरदार खत्म होता है, वहां से प्रिया का किरदार शुरू होता है। जब लोगों ने मुझे पार्वती भाभी के रूप में स्वीकारा, तो उसके बाद मुझे यह डर था कि लोग मुझे प्रिया के रूप में स्वीकारेंगे या नहीं। लेकिन हुआ बिल्कुल विपरीत। लोगों के लगातार प्यार से प्रिया का किरदार निखर रहा है । अपने निखरते किरदार के बारे में बोलते हुए वे बहुत उत्साहित नजर आती हैं। उनका कहना था दरअसल, सच्चाई यह है कि मैं खुद वास्तविक जिंदगी में भी खुशमिजाज, अपने परिवार को बेहद प्यार करने वाली भावुक ल़डकी हूं। यही वजह है कि प्रिया का किरदार मेरे बेहद करीब है । पार्वती के रूप में मुझे परिवार की मान-मर्यादा का ख्याल रखना प़डता था, जबकि यहाँ तो अपनी ही चलती है । उनसे जब यह पूछा किया गया कि वास्तविक जिंदगी में भी आपकी शादी नहीं हुई है और इस शो में भी कहानी कुछ ऎसी ही है कि 37 वर्ष की होने के बाद भी आपकी शादी नहीं हो पायी। तो क्या यह बात भी व्यक्तिगत तौर पर आपको शो से जो़डती है। इस सवाल के जवाब में उनका कहना था कि हां यही सही है। मेरी अभी तक वास्तविक जिन्दगी में शादी नहीं हुई है। लेकिन प्रिया की तरह ही मैं वास्तविक जिंदगी में भी बिंदास हूं। परिवार से हमेशा प्यार मिलता रहा है। मैं मानती हूं शादी जब हाथ में लिखी होगी, हो ही जायेगी। हालांकि साक्षी की शादी न होने के कारण उनके करियर में कोई ठहराव या रूकावट नहीं आई है।

उनका कहना था कि ऎसा नहीं है कि मैं अपने करियर की खातिर शादी नहीं करना चाहती। बल्कि मैं तो चाहती हूं कि मेरी शादी हो लेकिन सही व्यक्ति तो मिले। सबकुछ उस पर ही निर्भर करता है। धारावाहिक बडे अच्छे लगते हैं में राम कपूर के साथ वह बहुत चुलबुली और रूमानी नजर आ रही हैं। बहुत कम लोगों को इस बात की जानकारी होगी कि एकता कपूर ने जब इस धारावाहिक के लिए साक्षी तंवर को एप्रोच किया था, उन्होंने इस धारावाहिक में काम करने से साफ इंकार कर दिया था। लेकिन तब एकता ने साक्षी से कहा था कि यह धारावाहिक तभी बनना शुरू होगा जब तुम इसके किरदार प्रिया के लिए हां कर दोगी। छह महीने तक एकता कपूर ने साक्षी की हां का इंतजार किया। इसके बाद एक बार फिर एकता ने साक्षी को अपने इस धारावाहिक का प्रस्ताव दिया।


धारावाहिक के कथानक को जब विस्तृत रूप से साक्षी के सामने रखा गया तो वे तुरन्त इसमें काम करने के लिए तैयार हो गई। उनका कहना था कि यही सही है जब इस शो का प्रस्ताव आया था मुझे लगा कि मैं इसे नहीं कर पाऊंगी। मैंने एकता को मना भी कर दिया था, लेकिन एकता ने मुझे मना ही लिया। राम कपूर के बारे में इतना ही कहूंगी कि उन्हें काफ़ी सालों से जानती हूं। जब मौका मिला है तो मैंने सोचा कि उनके साथ थो़डा रोमांस हो ही जाये। जहां साक्षी इन दिनों अपने इस धारावाहिक की वजह से चर्चा में वहीं वे अपने बॉलीवुड में प्रवेश पर भी खासी उत्साहित और प्रसन्न नजर आती हैं। साक्षी तंवर, कभी दूरदर्शन के लिए चाणक्य और बडे परदे के लिए पिंजर जैसी फिल्म बना चुके निर्माता निर्देशक डॉक्टर चन्द्रप्रकाश द्विवेदी की फिल्म मोहल्ला अस्सी में नजर आने वाली है। इस फिल्म में वे बॉलीवुड के घायल सन्नी देओल की पत्नी का किरदार अदा कर रही हैं।

यह साक्षी के लिए एक बडा मौका था। उन्हें अपने अभिनय के खातिर ही इस फिल्म में काम करने का मौका मिल रहा था, जिसे वे छोडना नहीं चाहती थीं। हालांकि उन्हें इस फिल्म के किरदार के लिए स्वयं को कडी मेहनत करके ढालना पडा। उन्होंने चंद्रप्रकाश द्विवेदी की उस इच्छा का मान रखते हुए अपने चेहरे के भावों और शारीरिक लोच से वह बनारसी भोलापन परदे पर उतारा है जिसके लिए उन्होंने पार्वती के रूप में साक्षी को देखकर अपनी फिल्म में लेने का मानस बनाया था। वैसे, हर निर्देशक की अपनी सोच होती है। दिल्ली में पढी लिखी साक्षी ने स्वयं को मोहल्ला अस्सी के किरदार की आवश्यकतानुसार स्वयं को ढाला है।


शादी के लिए उम्र को बाधा न मानने वाली साक्षी तंवर का कहना है कि शादी की उम्र क्या होनी चाहिए यह मेडिकल कारणों पर आधारित होना चाहिए, न कि उम्र पर। मुझे नहीं लगता कि वे ल़डकियां खुश नहीं रहती, जिनकी उम्र 30 होने तक शादी नहीं होती। दूसरी बात मैं मानती हूं कि ल़डकियों का आत्मनिर्भर होना बहुत जरूरी है। इसके बाद ही उन्हें शादी के बारे में सोचना चाहिए। परिवार वालों को भी इसके लिए उन्हें सपोर्ट देना चाहिए, न कि प़डोस के लोगों को देखकर अपनी बेटी की शादी कर देनी चाहिए।

No comments:

Post a Comment