Showing posts with label Ajay Devgan. Show all posts
Showing posts with label Ajay Devgan. Show all posts

Tuesday, January 17, 2012

अजय नहीं बल्कि सोच के कारण मिली सफलता :रोहित

बॉलीवुड के सर्वाधिक महंगे निर्देशकों की श्रेणी में शामिल हुए नौजवान रोहित शेट्टी इन दिनों यूटीवी बिंदास के रियलिटी शो बिग स्विच-3 को प्रस्तुत कर रहे हैं। इस शो को उन्होंने इसलिए करना स्वीकार किया क्योंकि अपनी अगली फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस शुरू करने से पहले और बोल बच्चन पूरी करने के बाद उनके पास कुछ वक्त खाली था जिसका उन्होंने सदपुयोग करना बेहतर समझा। हालांकि उनके इस शो को सीमित दर्शक वर्ग मिला है। बॉलीवुड में सात फिल्मों का निर्देशन करके लगातार सफलता प्राप्त करने वाले वे एक मात्र निर्देशक हो गए हैं। वरना एक समय पर एन.चन्द्रा ऎसे निर्देशक थे जिन्होंने लगातार तीन सुपर हिट फिल्में अंकुश, प्रतिघात और तेजाब थी, जबकि रोहित शेट्टी ने जमीन की असफलता के बाद अजय देवगन के साथ गोलमाल, गोलमाल रिटर्न, आल द बेस्ट, गोलमाल-3 और सिंघम जैसी लगातार सफल फिल्मों को देकर अपनी असफल फिल्म जमीन को लगभग भुला दिया है। उनकी अजय देवगन के साथ वाली सातवीं फिल्म बोल बच्चन हाल ही में पूरी हुई है और यह इस वर्ष के मध्य तक प्रदर्शित होने की उम्मीद है। हालांकि उन्होंने अपनी सातवीं फिल्म में एक बार फिर से अजय देवगन के साथ अभिषेक बच्चन को लिया जो उनकी पहली निर्देशित फिल्म जमीन के दूसरे नायक थे। उन्होने अपनी इस फिल्म में एक्शन के साथ कॉमेडी का भी बराबर का डोज रखा है।
एक्शन… रोमांस… कॉमेडी… गाने… यानी वो पूरे मसाले जो किसी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर हिट कराने के लिए जरूरी होते हैं, उन सबका इस्तेमाल रोहित अपनी फिल्मों में करते हैं। उडती हुई कारों के दृश्य तो मानो रोहित शेट्टी की फिल्मों की पहचान ही बन गए हैं। उनके साथ काम करने वालों को यह अच्छी तरह याद हो गया है कि कारों के दृश्य किस तरह फिल्माने हैं। रोहित अपनी फिल्मों की प्रेरणा 60-70 के दशक में बनी बॉलीवुड फिल्मों से ही लेते हैं। वे खुद यह बात स्वीकार करते हैं कि उस दौर की फिल्मों को मैं नए प्रेजेन्टेशन के साथ बना रहा हंँू और यही आज की जनरेशन की पसंद है। हालांकि उनकी फिल्में माइंडलेस सिनेमा की श्रेणी में आती हैं, अर्थात् फिल्म देखते वक्त आपको दिमाग लगाने की आवश्यकता नहीं है, इसके बावजूद यह फिल्में न सिर्फ सफल हो रही हैं बल्कि आय के वो रिकॉर्ड बना रही हैं लेकिन बारे में कभी बॉलीवुड कल्पना भी कर पाता था। अपनी इस सफलता पर रोहित शेट्टी को गर्व महसूस होता है।
गोलमाल रिटर्न के जरिए जो सफलता रोहित को मिली उसने उन्हें स्पष्ट रूप से इस बात का संकेत दिया कि अगर अब उन्हें सफलता हासिल करनी है तो उन्हें हास्य को कुछ समय के लिए अपनी फिल्मों से दूर रखना होगा और अपने इसी सिक्स सेंस को भांपकर रोहित एक बार फिर एक्शन के मैदान में आए। इसके लिए उन्होंने दक्षिण भारत की फिल्म सिंघम को चुना जो वहाँ पर जबरदस्त सफलता प्राप्त कर रही थी और बॉलीवुड में भी सलमान खान दक्षिण के जादू को सफलतापूर्वक भुना रहे थे। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए रोहित शेट्टी ने एक बार फिर से अजय देवगन से बात की और अजय देवगन ने भी रोहित शेट्टी के साथ मिलकर अपनी पुरानी छवि में लौटने में ही बेहतरी समझी। रोहित उन्हें भी इस बात को समझाने में कामयाब हो गए कि दर्शक अब उन्हें हास्य सितारे के रूप में देखकर उकता चुका है। स्वयं अजय को भी अपना करियर डोलता नजर आने लगा था, शायद इसीलिए उन्होंने सिंघम में काम करना स्वीकार किया। सिंघम जैसी एक्शन फिल्म बनाना उनके दर्शकों के लिए चौंकाने वाली बात थी। सिंघम ने प्रदर्शन के साथ ही एकल नायक की सफल वापसी को सही साबित करते हुए सौ करोड से ऊपर का व्यवसाय करके बॉलीवुड में एक बार फिर से एक्शन दृश्यों और नायकों की वापसी को सशक्तता प्रदान की। उन्होंने सलमान खान द्वारा वांटेड, दबंग, रेडी और बॉडीगार्ड की सफलता का क्रम जारी रखा।

अपनी फिल्म सिंघम के बारे में रोहित कहते हैं कि मैंने कई रातें इस फिल्म के बारे में सोचते-सोचते काटी कि किस तरह से मुझे इस फिल्म को दर्शकों की नजरों में सफलता के साथ उतारना है। मैंने इस फिल्म के लिए काफी मेहनत की। दरअसल मैं यह साबित करना चाहता था कि मैं सिर्फ भाग्य के भरोसे या अजय देवगन के भरोसे ही नहीं चल रहा। बॉलीवुड में मेरी लगातार सफलता को दीपावली के साथ भी जोडा गया। मैं इस मिथक को तोडना चाहता था और मैंने सिंघम को वर्ष के मध्य में प्रदर्शित किया तब न तो कोई ईद थी न दीपावली न ही कहीं क्रिसमिस का माहौल था। सिंघम न सिर्फ सफल हुई बल्कि उसने 100 करोड से ज्यादा का व्यवसाय करके मेरी निर्देशकीय क्षमता को सही दिशा प्रदान की।
रोहित शेट्टी का नाता फिल्मों में उनके जन्म से पहले का ही है। उनके पिता अपने समय के सुप्रसिद्ध खलनायक और फाइट कम्पोजर हुआ करते थे। आज के युवा दर्शकों के साथ ही पुरानी पीढी के दर्शकों को भी फिल्मों में एक गंजा गोल चेहरे वाला खूंखार खलनायक याद होगा जो हमेशा नायक को अपनी आंखों से बरसती आग के जरिए ही ठंडा कर दिया करता था। याद दिलाना चाहेेगे अमिताभ बच्चन की डॉन जिसमें रोहित के पिता एम.बी.शेट्टी ने जबरदस्त काम किया था। रोहित के पिता दर्शकों की नजरों में शेट्टी के नाम से ही प्रसिद्ध थे। एक वक्त था जब उनके पिता प्रदर्शित होने वाली हर दूसरी फिल्म में नायक के साथ मारपीट करते हुए नजर आते थे। अमिताभ बच्चन के साथ उनका फिल्म त्रिशूल वाला एक्शन दृश्यों दर्शकों के जेहन में आज भी ताजा है।
ऎसा नहीं है कि रोहित हमेशा अजय के साथ ही फिल्में बनाते रहेंगे। “बोल बच्चन” के बाद रोहित, अजय का साथ छोडने जा रहे हैं और वे अपनी अगली फिल्म बॉलीवुड के बादशाह खान शाहरूख के साथ बनाने जा रहे हैं। इस प्रक्रिया के बारे में वे कहते हैं कि यह एक स्वाभाविक बात है। जरूरी नहीं कि मेरी हर फिल्म में अजय देवगन ही नजर आए। ऎसा भी नहीं है कि मैं अजय देवगन के साथ आगे काम नहीं करूंगा। चेन्नई एक्सप्रेस के बाद मैं जिस पटकथा पर काम कर रहा हूं उसमें निश्चित तौर अजय देवगन ही नजर आएंगे। शाहरूख के साथ फिल्म की बात पर वे कहते हैं कि गोलमाल 3 के रिलीज होने के बाद शाहरूख ने खुद मुझे कॉल किया और मुलाकात के बाद हमने साथ काम करना तय किया। अब हम चेन्नई एक्सप्रेस नामक फिल्म में एक साथ काम करने जा रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग आगामी मार्च माह में शुरू होगी और सम्भवत: यह फिल्म इस वर्ष के अन्त में सिनेमा घरों में प्रदर्शित होगी। इस फिल्म में शाहरूख खान एक्शन के साथ रोमांटिक भूमिका भी अभिनीत करते नजर आएंगे। रोहित को पूरी उम्मीद है कि उनकी यह फिल्म भी सफलता के मामले में पिछली फिल्मों की तरह ही रहेगी।

Monday, September 13, 2010

बॉलीवुड हस्तियों ने अजय काजोल को बधाई दी

Kajol

बॉलीवुड की हस्तियों ने अभिनेत्री काजोल और उनके पति अजय देवगन को उनके यहां पुत्र जन्म पर बधाई दी है। काजोल-अजय के नजदीकी सूत्र ने बताया कि काजोल ने मुंबई के लीलावती अस्पताल में सुबह 9.20 बजे बेटे का जन्म दिया। उन्होंने हाल ही में प्रदर्शित हुई करन जौहर की नई फिल्म वी आर फैमली में मां की भूमिका निभाई है। शाहरूख खान ने टि्वटर पर लिखा है कि बच्चो को इस दुनिया में लाना ईश्वर का सर्वाधिक खूबसूरत उपहार है।
अल्लाह अजय, काजोल और उनके बेटे को सेहत और ढेर सारी खुशियां प्रदान करे। टि्वटर क्वीन प्रियंका ने ट्वीट किया है जब दुनिया में किसी बच्चो का जन्म होता है तो यह सर्वाधिक ताज्जुब की बात होती है। बेटे के जन्म पर अजय और काजोल को बहुत बहुत बधाई। अभिनेता रितेश देशमुख ने देवगन दंपति के लिए लिखा है नए मेहमान के आगमन पर आप दोनों को हार्दिक बधाई। काजोल और अजय की पहले एक बिटिया न्यासा है।

Wednesday, September 8, 2010

वर्जित क्षेत्र में धूम्रपान कर रहे थे देवगन

Ajay Devgan

"एंटरटेनमेंट सोसायटी ऑफ गोवा" (ईएसजी) ने मंगलवार को मीडिया के सामने दिए अभिनेता अजय देवगन के उस बयान का खंडन किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ईएसजी परिसर में धूम्रपान करने की अनुमति है।
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के आयोजनकर्ता ईएसजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि देवगन परिसर में उसी स्थान पर धूम्रपान कर रहे थे जहां "धूम्रपान निषेध" के बोर्ड लगे हुए हैं। देवगन को इस साल मई में ईएसजी परिसर में धूम्रपान करते देखे जाने के बाद उन पर तंबाकू उत्पाद नियंत्रण अधिनियम (सीओपीटीए) के प्रावधानों के उल्लंघन के चलते 100 रूपये का जुर्माना लगाया गया था। श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से कहा, ""हमने वहां उचित बोर्ड लगाए हुए हैं, जिन पर यह सूचना दी गई है। कानून के मुताबिक वहां धूम्रपान वर्जित है। देवगन ने जरूर बोर्ड नहीं देखे होंगे।""
देवगन अपनी फिल्म "वंस अपोन ए टाइम इन मुंबई" की शूटिंग कर रहे थे तभी उनकी परिसर में धूम्रपान करते हुए एक तस्वीर ली गई थी। एक स्थानीय समाचारपत्र में तस्वीर प्रकाशित होने के बाद राष्ट्रीय तंबाकू उन्मूलन संगठन (एनओटीई) ने पुलिस और राज्य स्वास्थ्य अधिकारियों के पास इस मामले में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के करीब पांच महीने गुजरने के बाद देवगन पर कानून के उल्लंघन के लिए 100 रूपये का जुर्माना लगाया गया था। जुर्माने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए देवगन ने मंगलवार को कहा था, ""मैं इस पर बात नहीं करना चाहता लेकिन मैं यह कहना चाहता हूं कि जिस जगह मैं ऎसा कर रहा था वहां धूम्रपान की अनुमति है।""

Thursday, August 5, 2010

अब एक्शन दृश्य करना आसान हो गया है : अजय

Ajay Devgan

वर्ष 1991 में आई मार-ध़ाड से भरपूर फिल्म "फूल और कांटे" से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरूआत करने वाले अभिनेता अजय देवगन मानते हैं कि अब एक्शन दृश्य आसान होते हैं। वैसे अजय यह भी स्वीकार करते हैं कि वह स्टंट्स के अभ्यास से दूर हैं।
अजय ने में कहा, ""अब एक्शन दृश्य देना आसान हो गया है। पहले हम घायल हो जाते थे, हमारे पैर और हाथ टूट जाते थे। अब बहुत अधिक सुरक्षा और संरक्षण दिया जाता है जिससे इस तरह के दृश्य देना बहुत आसान हो गया है।"" "फूल और कांटे" फिल्म में अजय के मार-ध़ाड के दृश्यों ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया था लेकिन अब वह फिर दर्शकों के लिए ऎसे दृश्य देने की कोशिश करने को तैयार नहीं हैं। दो राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके अजय कहते हैं, ""जब आप ब़डे हो रहे होते हैं तभी अभ्यास की जरूरत होती है। नहीं तो बाद में आपकी मांसपेशियां कठोर हो जाती हैं। यदि आप अब ऎसा करने की कोशिश करेंगे तो ऎसा नहीं कर सकेंगे। मैं अभ्यास से दूर हूं लेकिन यदि मुझे ऎसा करने को कहा जाय तो मैं इसके लिए दो से तीन महीने का समय लुंगा, क्योंकि मैंने पहले भी ऎसा किया है।
कोई भी 18-20 साल की उम्र में यह शुरूआत नहीं कर सकता।"" अजय कहते हैं कि उनकी पीढ़ी के कलाकार फिल्मोद्योग में आने के बाद अपनी अभिनय क्षमताएं निखारते थे लेकिन आज-कल के कलाकार प्रशिक्षण लेने के बाद बॉलीवुड में आते हैं। उन्होंने कहा, ""युवा कलाकारों के साथ काम करना बहुत अच्छा है। पहले लोग आते थे और फिर अभिनय सीखते थे लेकिन आज की पीढ़ी अभिनय की आधारभूत बातों के प्रति बहुत जागरूक है।
शिक्षा, अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा के संपर्क में रहने और टेलीविजन के कारण ऎसा संभव हो सका है।"" इस साल अजय की तीन फिल्में "गोलमान 3", "तूनपुर का सुपरहीरो" और "आक्रोश" प्रदर्शित होनी है जबकि इन दिनों वह मधुर भंडारकर के निर्देशन में बन रही "दिल तो बच्चाा है जी" की शूटिंग कर रहे हैं।

Tuesday, April 27, 2010

सत्ता लोगों को भ्रष्ट बनाती है: अजय देवगन

Ajay Devgan

फिल्मकार प्रकाश झा की फिल्म "राजनीति" में एक राजनेता का किरदार निभा चुके बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन का कहना है कि सत्ता लोगों को भ्रष्ट बनाती है और राजनीति में रहने के लिए धूर्तता बरतने और चालें चलने की जरूरत होती है। अजय कहते हैं कि वह वास्तविक जीवन में राजनीति में प्रवेश नहीं करेंगे।
अजय ने एक साक्षात्कार में कहा, ""मैं राजनीति में प्रवेश नहीं कर सकता क्योंकि मैं इसके लिए नहीं हूं। मैं इसमें नहीं रह सकूंगा। इसमें यदि आप अच्छी राजनीति करना चाहते हैं तो भी बुरे लोगों के विरोध के लिए आपका बहुत धूर्त और चालाक होना जरूरी है, साथ ही आपको चालें चलना भी आना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि मैं इसके लिए हूं।"" अजय देवगन ने फिल्म "युवा" में भी एक ऎसा किरदार किया था जो युवा होता है लेकिन राजनीति की दुनिया में प्रवेश करता है। वह कहते हैं, ""मैं व्यक्तिगत तौर पर मानता हूं कि राजनीति बुरी नहीं है, जो लोग राजनीति में हैं वे इसे बुरा बना रहे हैं। किसी भी राष्ट्र के लिए राजनीति महत्वपूर्ण है और दुनिया को चलाने के लिए अच्छी राजनीति बहुत जरूरी है। यदि राजनीति में अच्छे लोग आएं तो देश समृद्ध होगा।""
उन्होंने कहा, ""मुझे लगता है कि सत्ता लोगों को भ्रष्ट बनाती है। जो लोग अच्छा काम करना चाहते हैं, वे जब एक बार सत्ता में आते हैं तो सभी भ्रष्ट हो जाते हैं। आप सिर्फ राजनेताओं को दोष नहीं दे सकते हैं। वे भी हमारे समाज से ही आते हैं और हम ही उन्हें लाते हैं। यदि वे भ्रष्ट हैं, तो हम भी भ्रष्ट हैं, समाज भ्रष्ट है, हम किसे दोष दे रहे हैं।""
"राजनीति" में अजय के अलावा मनोज वाजपेयी, नसीरूद्दीन शाह, नाना पाटेकर, अर्जुन रामपाल, रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ ने अभिनय किया है।

Friday, March 5, 2010

अजय से खफा हैं काजोल

Ajay-Kajol

बॉलिवुड अभिनेत्री काजोल अपने पति अजय देवगन से खफा हैं। इस बात का खुलासा खुद अजय देवगन ने किया है। अजय ने बताया कि उनकी पत्नी काजोल आजकल उनसें नाराज है क्योंकी अजय ने काजोल की हाल ही रिलीज हुई फिल्म माई नेम इज खान अभी तक नहीं देखी है।
इस फिल्म में लिए काजोल की काफी तारीफ हुई है और वे चाहती थीं कि अजय फिल्म देखकर उनके अभिनय के बारे के कोई टिप्पणी करें लेकिन अजय के पास समय नहीं होने के कारण वे इस फिल्म को नहीं देख पाए। जब अजय को माई नेम इज खान की स्क्रीनिंग पर जाना था उस वक्त वे अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए तमिलनाडु में व्यस्त थे। इस बात को लेकर काजोल, अजय से खफा हैं।

Tuesday, November 3, 2009

"गोलमाल-3" में संजू बाबा

Sanjay Dutt

फिल्म "ऑल बेस्ट" की सफलता के बाद निर्देशक रोहित शेट्टी "गोलमाल-3" की प्लानिंग करने लगे है। रोहित को हालांकि फिल्म की स्क्रिप्ट फाइनल करनी हैं लेकिन उन्होंने कास्ट फाइनल कर ली हैं। इस सीरिज में संजय दत्त भी होंगे।
रोहित और अजय देवगन ने ये तय किया है। फिल्म में अजय, तुषार, श्रेयस तलपडे तो होंगे लेकिन अरशद वारसी और शरमन जोशी नहीं होंगे। करीना, बिपाशा और मुग्धा गोडसे भी "गोलमाल-3" में रहेंगी। फिल्म अगले साल अप्रैल में फ्लोर पर होगी। इसकी शूटिंग किसी और देश में होगी। रोहित कहते है मैं स्क्रिप्ट पर काम कर रहा हूं। जब मैं स्क्रिप्ट पूरी कर लूंगा तब ही कोई घोषणा करूंगा।

Tuesday, October 13, 2009

बिपाशा के लिए सुरक्षा इंतजाम

Bipasa Basu

बॉलीवुड अभिनेता-निर्माता अजय देवगन ने अपनी आगामी फिल्म "ऑल बेस्ट" के प्रमोशन के लिए दिल्ली पहुंची अभिनेत्री बिपाशा बसु की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए। पिछले दिनों एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान खुद के साथ पेश आए हादसे के बाद से बिपाशा भीडभाड से काफी घबराने लगी है। उनकी इसी चिंता को देखते हुए अजय देवगन ने अपनी फिल्म "ऑल द बेस्ट" के प्रमोशन के लिए दिल्ली पहुंची बिपाशा की सुरक्षा के लिए खासतौर पर बाउंसर्स का इंतजाम किया।
इस बात की पुष्ठि करते हुए बिपाशा ने बताया, दिल्ली टूर के दौरान सुरक्षा इंतजामों की बहुत अच्छी व्यवस्था थीं। इस बार में अपनी सुरक्षा को लेकर ठीक महसूस कर रही थीं। अजय बहुत अच्छे प्रोड्यूसर है। पिछले कुछ वर्षो में दिल्ली और जयपुर में खुद के साथ पेश आए हादसों के बाद मैं अपनी सुरक्षा को लेकर बेहद सजग रहती हूं। मैं भले ही टफ हूं, लेकिन अपने आस-पास चार-पांच ल़डके देखबर घबरा जाती हूं।

Monday, October 12, 2009

मुसीबत में फंसी "ऑल द बेस्ट"

All the Best

दिपावली पर प्रदर्शित होने वाली निर्माता अजय देवगन की फिल्म "ऑल बेस्ट" मुसीबत में फंस गई है। निर्माता किरण रामसे ने अजय देवगन के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

किरण का कहना है कि "ऑल द बेस्ट" की स्क्रिप्ट हूबहू उनकी अंडर प्रोडक्शन फिल्म "अंकल समझा करो" जैसी है। किरण के अनुसार उन्होंने नवंबर 2006 में पारितोष पेंटर से उनकी लिखी स्क्रिप्ट पर फिल्म बनाने के अधिकार खरीदे थे। पारितोष ने उनसे 2007 में स्क्रिप्ट वापस लेनी चाही थीं, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया था।
उधर देवगन फिल्म्स से जुडे लोगों का कहना है कि उनकी फिल्म अमेरिकन प्ले "राइट बैड रांग हसबैंड" पर आधारित है। इस प्ले पर फिल्म बनाने के बदले में उन्होंने अमेरिकन कंपनी को चालीस हजार डॉलर चुकाए हैं। उनका कहना है कि सब कुछ जानने के बावजूद किरण रामसे ने फिल्म प्रदर्शित होने के कुछ दिन पहले ही यह मामला जानबूझ कर उठाया है।
फिलहाल मामला अदालत में है और सोमवार तक स्थिति स्पष्ट होगी।

Thursday, August 6, 2009

पति हो तो अजय जैसा: काजोल

Kajol-Ajay

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और काजोल की जोडी बॉलीवुड के लिए एक मिसाल है। जहां बॉलीवुड में पति-पत्नी या प्रेमी-प्रेमिका का रिश्ता ज्यादा दिनों तक टिक नही पाता, वहीं अजय और काजोल में शादी के कई वर्षो के बावजूद आज भी उतना ही प्यार है, जितना आरंभिक दिनों में था।

5 अगस्त को काजोल का जन्मदिन है। अजय भला यह दिन कैसे भूल सकते है। गिफ्ट देकर काजोल को चौंकाना उनकी पुरानी आदत है। इस वर्ष काजोल को उनके जन्मदिन का उपहार अजय ने कुछ दिनों पहले ही दे दिया। एक चमचमाती "ऑडी क्यू-7" कार उन्हौंने पिछले दिनों काजोल को बर्थडे गिफ्ट के रूप में दी। यही नही वे 5 अगस्त का पूरा दिन काजोल और अपनी बेटी न्यासा के साथ गुजारेंगे। काजोल की जुबां पर इन दिनों एक ही वाक्य है, "पति हो तो अजय जैसा"।

Tuesday, July 21, 2009

"ऑल द बेस्ट" में अजय-बिपाशा की बढी नजदीकियां

Ajay-Bipasa

बॉलीवुड की सबसे हॉट और सेक्सी हसीना बिपाशा बसु और एक्शन हीरो अजय देवगन अपनी नजदीकियों के चलते सुर्खियों में बने हुए है। खबर है कि आज बिपाशा और अजय के बीच अच्छा ताल मेल बैठ रहा है। बिपाशा और अजय गोवा में एक फिल्म "ऑल द बेस्ट" की शूटिंग दौरान अच्छे दोस्त बन गये है।

बताया जा रहा है कि इनकी दोस्त की वजह दोनों का अपनी फिटनेस को लेकर रूझान है। अजय का पर्सलन टे्रनर शेरू (शेयवीर वकील) हर वक्त उनके साथ उनकी देखभाल के लिए रहता है। उसके बावजूद वह बिपाशा से फिटनेस टिप्स ले रहे है। बिपाशा आज कल योग और तैराकी पर घ्यान दे रही है। शूटिंग के बाद वह ज्यादा से ज्यादा समय अजय के साथ बिताती है। यही कारण है कि दोनों कि दोस्ती परवान चढ रही है

Friday, July 3, 2009

अजय ने बिपाशा को ब्लैकबैरी फोन गिफ्ट किया

बॉलीवुड अभिनेता और अब निर्माता बने अजय देवगन "ऑल बेस्ट" नामक फिल्म बना रहे है। फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी कर रहे है। इस फिल्म में अजय के अलावा बिपाशा बसु, संजय दत्त, फरदीन खान, मुग्घा गोडसे जैसे कलाकार है। फिल्म की शूटिंग के दौरान यह महसूस किया गया कि संजय दत्त के लिए भी एक नायिका होनी चाहिए। मल्लिका शेरावत से लेकर तब्बू तक के नामों पर विचार किया गया पर बात नही बनी। आखिरकार बिपाशा बसु को ही फिल्म में एक और भूमिका सौंप दी गई। वे फिल्म में अफ्रीकन महिला का किरदार भी निभाएंगी। उनके मेकअप के लिए खासतौर से हॉलीवुड से मेकअप मैन को बुलाया गया। दोहरी भूमिका होने के कारण बिपाशा ने दोहरी मेहनत की।

लेकिन निर्माता अजय देवगन उस समय आश्चर्यचकित रह गए जब बिपाशा ने अतिरिक्त भूमिका के बदले एक भी पैसा लेने से इंकार कर दिया। अजय ने इसके बदले में बिपाशा को "ब्लैकबैरी" फोन उपहार में दे दिया। अजय जानते थे कि बिपाशा इसे खरीदने वाली थी।